Cockroach Politics: Youth Anger, Unemployment and System Failure
The article explores the growing frustration among India’s youth, who are not only struggling with unemployment but also with insecurity, neglect, and the increasing insensitivity of institutions. Repeated exam paper leaks, delayed recruitments, contractual employment, inflation, and shrinking opportunities have created deep resentment among young people. In such an atmosphere, controversial remarks associated with the judiciary triggered widespread outrage on social media, giving rise to sarcastic trends such as “Cockroach Politics” and “Cockroach Janata Party.”
The article argues that these trends are not merely internet memes but symbols of a deeper public anger against the system. Ironically, the same youth who once enthusiastically promoted political campaigns online are now expressing their disappointment through digital satire and protest culture. This reflects a shift from blind political participation to cynical resistance.
Beyond youth unrest, the editorial highlights that tribal communities, farmers, industrial workers, small traders, and students are all facing different forms of economic and social distress. Although these struggles currently appear fragmented, the article warns that if these scattered movements ever unite, the consequences could become socially and politically explosive. Such a convergence would represent not just policy opposition, but a collective collapse of trust in the system.
The piece criticizes the silence surrounding real public issues such as unemployment, agricultural distress, labor insecurity, and educational uncertainty, while corporate-centered development narratives dominate public discourse. It stresses that democracy cannot survive merely on statistics, advertising, and digital propaganda; it survives through public trust, participation, and dignity.
The editorial concludes with a warning: if the ruling establishment continues to ignore grassroots problems, today’s silent frustration may transform into a powerful ideological explosion. Democracy is meant to move forward with collective dignity, not merely crawl under economic inequality. The government, therefore, must descend from the “sky of corporate development” to the “ground of public suffering,” otherwise the nation risks drifting toward severe social unrest and instability.
देश का युवा आज केवल बेरोजगारी से संघर्ष नहीं कर रहा, बल्कि वह लगातार उपेक्षा, असुरक्षा और व्यवस्था की संवेदनहीनता से भी जूझ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, वर्षों तक लंबित भर्तियाँ, संविदा आधारित नौकरियाँ, बढ़ती महंगाई और घटते अवसरों ने युवाओं के भीतर गहरा असंतोष पैदा किया है। ऐसे समय में जब न्यायपालिका और लोकतांत्रिक संस्थाओं को आम नागरिक की अंतिम आशा माना जाता है, तब किसी भी विवादित टिप्पणी या असंवेदनशील व्यवहार का प्रभाव केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह सामाजिक मनोविज्ञान को झकझोर देता है।
इसी पृष्ठभूमि में सोशल मीडिया पर “काकरोच पॉलिटिक्स” और “काकरोच जनता पार्टी” जैसे व्यंग्यात्मक शब्द तेजी से उभरे। यह केवल इंटरनेट मीम संस्कृति नहीं थी, बल्कि व्यवस्था के प्रति बढ़ते अविश्वास और आक्रोश का प्रतीक थी। रोजगार और सम्मान के लिए संघर्ष कर रही पीढ़ी ने इसे अपने अस्तित्व और संघर्षों के अपमान के रूप में देखा। परिणामस्वरूप सोशल मीडिया पर व्यंग्य, कटाक्ष और आक्रोश का विस्फोट दिखाई दिया। यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि ये वही युवा है जो कभी “मैं भी चौकिदार” से सोसल मीडिया भर दिये थे, आज उसी तर्ज में “मैं भी काकरोच” का मीम हर तरफ छाया हुआ है।
यह घटना किसी एक बयान का परिणाम मात्र नहीं है। यह उस व्यापक असंतोष का प्रतिबिंब है जो लंबे समय से समाज के भीतर जमा होता जा रहा है। आज देश में केवल युवा ही नहीं, बल्कि आदिवासी, किसान, औद्योगिक मजदूर, छोटे व्यापारी और छात्र—सभी अपने-अपने हिस्से के संकट से जूझ रहे हैं। कोई भूमि अधिग्रहण से परेशान है, कोई फसलों के उचित मूल्य के लिए संघर्षरत है, कोई निजीकरण और श्रम असुरक्षा से भयभीत है, तो कोई शिक्षा और रोजगार के भविष्य को लेकर निराश है। फिलहाल ये संघर्ष टुकड़ों में दिखाई देते हैं, बिखरे हुए और अलग-अलग मुद्दों तक सीमित लगते हैं।
किन्तु इतिहास गवाह है कि जब समाज के विभिन्न वर्गों का असंतोष एक साझा पीड़ा में बदल जाता है, तब परिस्थितियाँ अचानक विस्फोटक रूप ले लेती हैं। आज यह संभावना भविष्य के गर्भ में है कि ये बिखरे हुए आंदोलन कभी एक साझा मंच पर मिल जाएँ। यदि संयोगवश ऐसा होता है, तो उसकी सामाजिक और राजनीतिक परिणति कितनी व्यापक होगी, इसकी कल्पना भी भयावह प्रतीत होती है। क्योंकि तब यह केवल किसी नीति के विरोध का आंदोलन नहीं रहेगा, बल्कि व्यवस्था के प्रति सामूहिक अविश्वास का विस्फोट बन जाएगा।
सबसे गंभीर प्रश्न यह है कि वास्तविक जनसमस्याओं पर एक अस्वाभाविक चुप्पी दिखाई दे रही है। बेरोजगारी पर ठोस विमर्श नहीं, शिक्षा व्यवस्था पर स्पष्ट दिशा नहीं, किसानों की आय पर स्थायी समाधान नहीं और श्रमिक असुरक्षा पर गंभीर संवेदना नहीं। इसके स्थान पर विकास की चमकदार तस्वीरें, कॉर्पोरेट निवेश के उत्सव और डिजिटल प्रचार का शोर अधिक दिखाई देता है। परंतु लोकतंत्र केवल आंकड़ों और विज्ञापनों से नहीं चलता; लोकतंत्र जनता के विश्वास, सहभागिता और सम्मान से जीवित रहता है।
यदि समय रहते यह चुप्पी नहीं टूटी, तो यही असंतोष एक दिन वैचारिक विस्फोट का रूप ले सकता है। ऐसा विस्फोट केवल सड़कों पर नहीं होता, वह पहले समाज की चेतना में जन्म लेता है। जब नागरिक यह महसूस करने लगता है कि उसकी पीड़ा को सुनने वाला कोई नहीं है, तब लोकतांत्रिक संवाद धीरे-धीरे अविश्वास में बदलने लगता है। और जब व्यवस्था संवेदनहीन हो जाए, तब उसके विरुद्ध आक्रोश केवल राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं रहता, बल्कि सामाजिक प्रतिरोध का रूप ले लेता है।
यह समझना होगा कि लोकतंत्र रेंगने के लिए नहीं बना है। लोकतंत्र का उद्देश्य जनता को केवल जीवित रखना नहीं, बल्कि उसे सामूहिक गौरव और सम्मान के साथ आगे बढ़ाना है। यदि विकास केवल कॉर्पोरेट लाभ और शहरी चमक तक सीमित रह जाएगा, जबकि गाँव, किसान, श्रमिक और युवा निराशा में डूबे रहेंगे, तो यह असंतुलन अंततः सामाजिक स्थिरता को ही निगल जाएगा।
सत्ता को जितना जल्दी संभव हो, कॉर्पोरेट विकास के आसमान से उतरकर जनसमस्याओं की धरती पर आना होगा। क्योंकि भूखा युवा, निराश किसान, असुरक्षित मजदूर और उपेक्षित छात्र केवल आँकड़े नहीं होते—वे किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होते हैं। यदि यही वर्ग व्यवस्था से विमुख हो जाएँ, तो देश भयावह अराजकता के भँवर में फँस सकता है।
“काकरोच पॉलिटिक्स” जैसी घटनाएँ इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वे केवल सोशल मीडिया ट्रेंड नहीं हैं; वे उस भीतर सुलगते सामाजिक आक्रोश के संकेत हैं जिसे लंबे समय तक दबाकर नहीं रखा जा सकता। लोकतंत्र के लिए यह चेतावनी है कि यदि जनता की वास्तविक समस्याओं पर संवाद बंद होगा, तो व्यंग्य जनता की भाषा बनेगा और आक्रोश उसकी राजनीति।
डॉ. आर. अचल पुलस्तेय
Editor-in-Chief, Eastern Scientist
Multidisciplinary scholar focusing on socio-economic transitions and geopolitical shifts in the Eastern hemisphere.
Article Views :
How to Cite this Article :
Related Articles
0 Comments